Indian Republic News

बसपन का प्यार वाले सहदेव का एक्सीडेंट:सिर में आई गंभीर चोट; बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर

0

- Advertisement -

बॉलीवुड सिंगर बादशाह के साथ ‘बसपन का प्यार’ गाने से सुर्खियों में आया सहदेव दिरदो सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। सहदेव के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

सुकमा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज (मेकाज) रेफर कर दिया है। इधर सहदेव का हाल जानने के लिए सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवार और SP सुनील शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।

सहदेव अपने परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर सुकमा जिला मुख्यालय में ही कहीं जा रहा था। इस बीच जिले के शबरी नगर में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे सहदेव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन सहदेव को जिला अस्पताल पहुंचाया है। सहदेव के साथ जो उनके परिचित बाइक चला रहे थे उन्हें मामूली चोट ही आई।

कलेक्टर ने खुद ली जानकारी
सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवार ने दैनिक भास्कर को बताया- सहदेव अपने परिवार वालों के साथ बाइक में बैठकर कहीं जा रहा था। बाइक में कुल 3 लोग सवार थे, सहदेव लास्ट में बैठा था। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सहदेव बाइक में पीछे की तरफ बैठा था इस इसलिए इसे काफी चोटें आईं हैं।

सुकमा में प्राथमिक उपचार कर एंबुलेंस के माध्यम से जगदलपुर रेफर भी कर दिया गया है। जगदलपुर के कलेक्टर रजत बंसल और डॉक्टरों को भी जानकारी दे दी गई है, ताकि जल्द ही इसे उपचार मिल सके।

CM ने बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम शबरी नगर में सड़क हादसे में घायल सुकमा के गायक सहदेव दिरदो को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश सुकमा कलेक्टर विनीत नंदनवार को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सहदेव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। दुर्घटना पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भी दुख जताया और फोन पर स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली।

बचपन को ‘बसपन’ कहने के मासूम अंदाज के कारण हुआ हिट
सहदेव का गाना ‘बसपन का प्यार’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने में सहदेव बचपन को ‘बसपन’ कहता है। उसका यह भोला और मासूम अंदाज ही पब्लिक को बेहद भा गया था। कई नामी सेलीब्रेटिज ने सहदेव के मूल वीडियो को शेयर किया था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने उसके साथ इस गाने का रिमिक्स तैयार किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.