Indian Republic News

ना नाव मिली ना पुल बना – महान नदी में पुलिया निर्माण कार्य के दौरान नदी में गिरा मजदूर, 2 दिन बाद भी नहीं मिला शव…

0

- Advertisement -

श्रमिक का शव ढूंढने मे मशक्कत कर रहे हैं गोताखोर

बलरामपुर,अनिल मेसर्स :जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धंधापुर के छिंदियाडांड महान नदी में गुरुवार को एक श्रमिक की डूबने से मौत हो गई थी। उसका शव नहीं मिल पाया था। दरअसल पुल निर्माण कार्य के दौरान श्रमिक उफनती महान नदी में गिर गया था।

सूचना के बाद पहुंची गोताखोरों की टीम शव की तलाश में जुटी हुई है। गुरुवार व शुक्रवार को टीम दिनभर उसकी तलाश में जुटी रही लेकिन कामयाबी नहीं मिली। वहीं मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा की एनके गुप्ता कपंनी द्वारा महान नदी में पुल निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें कोरबा जिले के ग्राम मड़ई निवासी 20 वर्षीय कमल गोड़ पिता जयकरण गोड़ करीब 15 श्रमिकों के साथ धंधापुर के छिंदियाडांड महान नदी में पुल निर्माण कार्य में लगा हुआ था।

गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजे कमल गोड़ निर्माण कार्य के दौरान पैर फिसलने से महान नदी के पानी में गिर गया। पानी की बहाव अधिक होने के कारण वह बह गया।साथ में काम करने वालों श्रमिकों ने करीब 1 किलोमीटर दूर तक उसकी खोजबीन की, मगर कहीं पता नही चला। इसके बाद श्रमिक अरुण सूर्यवंशी ने राजपुर थाने में इसकी सूचना दी।

गोताखोंरों की टीम कर रही मशक्कत

सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बलरामपुर नगर सेना से पांच गोताखोरों की टीम बुलाई गई। गोताखोरों द्वारा गुरुवार के अलावा शुक्रवार को दिनभर घटनास्थल व आस-पास काफी दूर तक श्रमिक का शव ढूंढने का प्रयास किया गया लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी बारिश होने के कारण महान नदी में पानी भर गया था, इस कारण श्रमिक की तलाश पूरी नहीं हो पाई। शनिवार को फिर गोताखोरों की टीम द्वारा श्रमिक का शव ढूंढने का अभियान शुरु किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.