Indian Republic News

छत्तीसगढ़ में 10 जून तक पहुंच जाएंगे मानसूनी बादल

0

- Advertisement -

विवेक तिवारी / कोरोना काल की दिक्कतों के बीच मौसम विभाग ने किसानों को एक राहत भरी खबर दी है। बताया गया कि इस बार मानसून 10 जून को छत्तीसगढ़ पहुंच जाएगा। अगर सब सामान्य रहा तो मानसूनी बादल 21 जून तक पूरे प्रदेश को ढक चुके होंगे। मानसून के समय से आने से खेती संबंधी कामों में तेजी आएगी।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, “सामान्य तौर पर एक जून को केरल के तट पर मानसून पहुंच जाता है। भारत मौसम विभाग ने इस बार इसे एक दिन पहले यानी 31 मई तक केरल तट से टकराने की संभावना जताई है। अगर परिस्थितियां सामान्य रहीं तो मानसून के बादल 10 जून को जगदलपुर पहुंच जाएंगे। 15 जून तक यह रायपुर के ऊपर होंगे और 21 जून तक अम्बिकापुर पहुंचने की संभावना है।” एचपी चंद्रा ने कहा, इस बार मानसून के सामान्य रहने की संभावना जताई गई है। इसमें 96 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है।

कृषि वैज्ञानिक डॉ. संकेत ठाकुर कहते हैं, छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए समय से मानसून का आना और सामान्य रहना बड़ी राहत है। यहां खरीफ के फसलों का बड़ा रकबा बरसात पर ही निर्भर है। एक फसली इलाकों में यह बरसात अच्छी फसल की उम्मीद बढ़ाएगा। लेकिन अप्रैल-मई में हो रही बरसात ने किसानों का खर्च बढ़ा दिया है। इसी महीने में किसानों ने अकरस जुताई कराई थी। इस गहरी जुताई से खर-पतवारों का नियंत्रण होता है। बरसात हो जाने से मिट्‌टी पूरी तरह सूख नहीं पाई। नमी लौट आई है। ऐसे में खरपतवार पूरी तरह नहीं जाएगी। अब किसानों को खरपतवार को नियंत्रित करने का खर्च भी बढ़ेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.