Indian Republic News

कोरोना वैक्सीन: झारखंड और छत्तीसगढ़ में प्रत्येक तीन खुराकों में से एक हो रही बर्बाद

0

- Advertisement -

इंडियन रिपब्लिक / कोरोना महामारी के खिलाफ चल रहे मेगा वैक्सीनेशन अभियान में इस समय सबसे बड़ा संकट वैक्सीनों की कमी का है। वैक्सीनों की कमी के कारण कई राज्यों में अभियान की रफ्तार थम गई है तो कुछ राज्यों में वैक्सीनेशन भी रोकना पड़ा है। इन सबके बीच झारखंड और छत्तीसगढ़ में वैक्सीनों की बर्बादी बदस्तूर जारी है। इन दोनों राज्यों में प्रत्येक तीन में एक खुराक बर्बाद हो रही है और ये दोनों राज्य वैक्सीन की बर्बादी में शीर्ष पर हैं।

बता दें कि 18-44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के वैक्सीन लगाने की शुरुआत के बाद से राज्यों को वैक्सीन की कमी से जूझना पड़ रहा है। हालात यह है कि अब तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में 18-44 साल आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन रोक दिया गया है। इसी तरह वैक्सीन की कमी के कारण तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में अभी इस आयु वर्ग के लिए वैक्सीनेशन ही शुरू नहीं हो पाया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार इस समय देश में वैक्सीन की सबसे ज्यादा बर्बादी झारखंड में हो रही है। यहां अब तक 37.3 प्रतिशत वैक्सीन की खुराक बर्बाद हो चुकी है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में 30.2 प्रतिशत खुराकें बर्बाद हो चुकी है। इस हिसाब से दोनों राज्यों में प्रत्येक तीन खुराक में एक खुराक बर्बाद हो रही है।
इसी बर्बादी के कारण दोनों राज्यों को वैक्सीन की कमी से जूझना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वैक्सीन की बर्बादी करने में तमिलनाडु तीसरे नंबर पर काबिज है। यहां अब तक 15.5 प्रतिशत खुराकें बर्बाद हो चुकी है। इसी तरह जम्मू-कश्मीर में 10.8 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 10.7 प्रतिशत वैक्सीन की खुराकें बर्बाद हुई है। ऐसे में इन राज्यों को वैक्सीनेशन अभियान को सुचारू रूप से चलाने में समस्याओं को सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही लोगों को समय पर वैक्सीन नहीं मिल रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि वैक्सीन की बड़े पैमाने पर बर्बादी चिंता का कारण है। बड़े वैक्सीनेशन अभियान में वैक्सीन की बर्बादी का विशेष ध्यान रखा जाता है और इसके आधार पर ही खरीद और वितरण किया जाता है। इसी आंकड़े के हिसाब से वैक्सीनेशन की दर तय होती है। इसका एक सुनिश्चित फार्मूला है कि किसी राज्य को हर महीने कितनी वैक्सीन देनी है वहां की आबादी के हिसाब से खुराकों की गणना की जाती है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वैक्सीन की अधिक बर्बादी से वैक्सीनेशन अभियान बाधित होता है। इसके अलावा जरूरतमंदों को समय पर वैक्सीन नहीं मिल पाताी है। इसके पीछे एक प्रमुख कारण वैक्सीनेशन कर्मचारियों का पर्याप्त रूप से प्रशिक्षित नहीं होना भी है। ऐसे में कर्मचारियों को वैक्सीन के उपयोग को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों से वैक्सीन की बर्बादी को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील भी की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.