Indian Republic News

उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देकर महिलाओं ने खोला व्रत

0

- Advertisement -

महेश राजवाड़े IRN.24

करंजी — लोक आस्था और सूर्य उपासना के छठ महापर्व पर उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने व्रत खोला। 36 घंटे से निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु छठ पूजा घाट पर सुबह से ही हजारों की संख्या में सपरिवार पहुंच गए थे। सुबह-सवेरे दीयों की रोशनी से जगमगाया छठ पूजा घाट की छटा देखते ही बनती थी। छठ मैया के गीतों और जयकारों से घाट गूंज रहे थे। लोगों ने एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी। बाद में आतिशबाजी से छठ पूजा घाट गूंज उठे।

सोमवार सुबह-सवेरे रेड नदी के घाट पर व्रती महिला श्रद्धालुओं का सपरिवार पहुंचना आरंभ हो गया था। छठ पूजा सेवा समिति द्वारा छठ पूजा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में छठी मैया के जयकारों और भोजपुरी छठी गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा था। गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। सूर्यदेव के निकलने से काफी पहले ही श्रद्धालुओं ने घाट पर पहुंचकर पूजा सामग्री के साथ तैयारी आरंभ की। व्रती महिलाओं ने नदियों के पानी में खड़े होकर संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। घाट पर हजारों की संख्या मे पहुंचे श्रद्धालुओं ने सूर्योदय के साथ ही उगते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। दीयों की रोशनी से छठ पूजा घाट जगमगा रहे थे। दीयों की रोशनी में घाटों की सुंदरता देखते ही बनती थी। सूर्यदेव को अ‌र्घ्य देने के साथ ही घाट छठ मैया के जयकारों से गूंज उठे और 36 घंटे से चल रहा निर्जला व्रत पूर्ण हुआ। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिदूर लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दी। छठी पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने हवन-यज्ञ के बाद प्रतिमा विसर्जन विधि-विधान से पूर्ण कराया। समिति ने पुलिस प्रशासन व ग्राम पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों को घाट पर बेहतर व्यवस्था के लिए आभार जताया।

घाट का मनोरम दृश्य

छठ पूजा घाट और रेड नदी के छठ पूजा घाट पर सूर्यदेव को अ‌र्घ्य देने के बाद ही सेल्फी का दौर जमकर चला। व्रती महिलाओं के साथ ही परिजनों ने भी सेल्फी ली। वहीं बच्चों का उत्साह भी देखते ही बनता था। छठी महापर्व के यादगार पलों की सेल्फी लेने के बाद वीडियों भी बनाई।

जमकर हुई आतिशबाजीछठ पूजा घाट पर पूजा-अर्चना के बाद युवाओं ने जमकर आतिशबाजी छोड़कर खुशियां मनाई। छठ पूजा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब लोगों की छठी मैया में आस्था को दर्शा रहा था। बच्चों ने भी आतिशबाजी का खूब आनंद लिया। युवतियां भी पीछे नही रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.