Indian Republic News

सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, जवानों को भारी पड़ता देख भागे नक्सली, इलाके में सर्चिंग जारी…

0

- Advertisement -

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सलियों ने IED विस्फोट कर दिया और वहां से जान बचाकर भाग निकले। जवानों ने मौके से IED सहित अन्य सामान बरामद किया है। फिलहाल, इलाके में सर्चिंग जारी है। यह मुठभेड़ मालेवाही थाना क्षेत्र के बारसूर रोड पर जंगल में हुई है। ज्यादा जानकारी जवानों के लौटने के बाद मिल सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, पल्ली बारसूर रोड पर जंगल में नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इस पर सीनियर अफसरों के निर्देश पर CRPF, DRG, STF और CAF के जवानों की संयुक्त टीम को रवाना किया गया था। जवान शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पघोटिया के जंगल में पहुंचे तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले।

बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने एक के बाद एक 3 IED ब्लास्ट किए। इसका फायदा उठाते हुए घने जंगल और पहाड़ी की ओर भाग गए। इसके बाद जवानों ने घटना स्थल पर सर्चिंग की तो मौके से 3 IED,2 पिठ्ठू, नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग के सामान बरामद किया गया है। बरामद IED को मौके पर ही जवानों ने नष्ट कर दिया। हालांकि इस ब्लास्ट में कोई नुकसान नहीं हुआ है। दंतेवाड़ा SP अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है।
शांति वार्ता के प्रस्ताव के बाद से नक्सली ज्यादा एक्टिव हो गए हैं। पिछले 4 दिनों में ही नक्सलियों ने 2 बड़ी वारदातें कर दी हैं। 23 मार्च को नारायणपुर में IED ब्लास्ट कर DRG जवानों से भरी बस को उड़ा दिया था। इसमें 5 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 14 घायल हुए थे। दूसरी ओर कोंडगांव के केशकाल में नक्सलियों ने फिर दस्तक दी और सड़क निर्माण कार्य में लगे 17 वाहनों में गुरुवार को आग लगा दी। साथ ही मजदूरों को धमकी भी दी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.