भटगांव/IRN.24… नगर पंचायत जरही के नव निर्वाचित अध्यक्ष पूरन राम राजवाड़े ने सोमवार को विधिवत रूप से शपथ ग्रहण करने के बाद पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सुंदरकांड पाठ और मंत्रोच्चार के साथ नगर पंचायत कार्यालय का शुद्धिकरण किया गया। शुभ मुहूर्त में पूरन राम राजवाड़े ने नगर पंचायत अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान उनकी पत्नी लालमेन राजवाड़े भी मौजूद रहीं। लालमेन राजवाड़े वर्ष 2015 से 2020 तक नगर पंचायत जरही की अध्यक्ष रह चुकी हैं और उनके कार्यकाल में नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई थी। उनके कार्यकाल के दौरान पानी की सुविधा, डामरीकरण सड़कें, सीसी रोड और नाली निर्माण के कार्य प्रमुख रूप से किए गए थे। अब पूरन राम राजवाड़े के नेतृत्व में नगर पंचायत जरही के विकास की नई उम्मीदें जागी हैं। स्थानीय लोगों ने इस अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि पूरन राम राजवाड़े के नेतृत्व में नगर पंचायत जरही और अधिक विकसित होगा। नगरवासियों को उम्मीद है कि बुनियादी सुविधाओं को और अधिक बेहतर किया जाएगा और अधूरे विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता, नगर पंचायत के अधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नव निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं। पूरन राम राजवाड़े ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहा कि वे नगर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जल निकासी, सड़क, सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना होगा। नगरवासियों को अब उम्मीद है कि नगर पंचायत जरही को एक विकसित और आधुनिक स्वरूप मिलेगा, जिससे शहरवासियों का जीवन स्तर और बेहतर होगा।