भंडारण अधूरा, कैसे सफल होगा चावल उत्सव?80–90 उचित मूल्य दुकानों में अब तक नहीं पहुंचा स्टॉक, ग्रामीण अंचलों में राशन वितरण अटका
IRN24,RADHE YADAV…✍🏻
सूरजपुर/भैयाथान। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 20 फरवरी से जिले में प्रस्तावित “चावल उत्सव” पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, जिले की करीब 80–90 उचित मूल्य दुकानों में अब तक चावल का पर्याप्त स्टॉक नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण प्रभावित हो रहा है और हितग्राहियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, 18 फरवरी तक सभी दुकानों में भंडारण पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए गए थे, ताकि उत्सव के दौरान सुचारू वितरण हो सके। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है। कई दुकानों में स्टॉक शून्य या बेहद कम बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीण अंचलों के हितग्राहियों का कहना है कि समय पर आपूर्ति नहीं होने से उन्हें बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कुछ स्थानों पर वितरण प्रक्रिया भी ठप होने की स्थिति में है। वहीं जिम्मेदार विभागों के बीच समन्वय की कमी भी सामने आ रही है।
प्रशासनिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि भंडारण की स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की गई? यदि स्टॉक समय पर उपलब्ध नहीं हुआ तो चावल उत्सव महज कागजी औपचारिकता बनकर रह जाएगा।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन स्थिति को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाता है, ताकि हितग्राहियों को समय पर उनका हक मिल सके और योजना का उद्देश्य सफल हो सके।
