भटगांव/ नगर पंचायत जरही के अध्यक्ष पुरन राम राजवाड़े ने अपने जन्मदिन को इस बार एक विशेष और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने केक काटने और मोमबत्ती बुझाने की विदेशी परंपरा को त्यागते हुए भारतीय संस्कृति के अनुसार गरीबों और बुजुर्गों का सम्मान कर अपना जन्मदिन मनाया।जन्मदिन के अवसर पर सबसे पहले सुंदरकांड पाठ और सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। इसके पश्चात उन्होंने पहली बार गरीब महिलाओं को वस्त्र भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस सेवा भाव से प्रेरित कार्यक्रम में नगर पंचायत की स्वच्छता कार्यकर्ताओं—सुआ टीम की दीदियों—को भी वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।अध्यक्ष राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा, “भारतीय संस्कृति में बड़ों का सम्मान और आशीर्वाद लेना हमारी परंपरा है। केक काटना और मोमबत्ती बुझाना विदेशी सभ्यता का प्रतीक है, जिसे अपनाने की बजाय हमें अपनी जड़ों से जुड़ना चाहिए। मेरा प्रयास रहता है कि जन्मदिन पर सेवा और समर्पण के साथ सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाए।”इस आयोजन ने न केवल जनप्रतिनिधियों के लिए एक नई मिसाल पेश की, बल्कि समाज में संस्कृति और सेवा के मूल्यों को भी सुदृढ़ किया।