सूरजपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज प्रस्तावित सूरजपुर दौरा खराब मौसम की वजह से रद्द हो गया। हालांकि मुख्यमंत्री सूरजपुर नहीं आ सके, लेकिन वे जिले के शासकीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ी रही। जिले के कोने-कोने से आए हजारों कार्यकर्ता और ग्रामीण मुख्यमंत्री का इंतज़ार कर रहे थे। मंच पर जिलास्तरीय नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।
इस बीच, आज शाम 5 बजे सूरजपुर पार्टी कार्यालय का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आदरणीय पवन साय जी सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
हालांकि मुख्यमंत्री का आगमन रद्द होने से कार्यकर्ताओं में कुछ मायूसी ज़रूर दिखी, लेकिन वर्चुअल माध्यम से उनके जुड़ने की सूचना मिलते ही उत्साह लौट आया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपने नेता के प्रति समर्थन और विश्वास भी जताया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह दौरा लंबे समय से तय था और इसे लेकर पूरे सूरजपुर जिले में तैयारियां की गई थीं।