जिला महामंत्री दुर्गा गुप्ता ने विद्युत बिल में भारी अनियमितता को लेकर कनिष्ठ अभियंता को सौंपा ज्ञापन

विश्रामपुर/irn.24… निवर्तमान जिला महामंत्री व जिला सदस्य, भाजपा किसान मोर्चा, दुर्गा गुप्ता ने विद्युत बिलों में हो रही भारी अनियमितताओं के संबंध में कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि जब से विभाग द्वारा स्मार्ट विद्युत मीटर लगाए गए हैं, तब से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली बिलों में अत्यधिक वृद्धि और अनियमितता देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि पहले जहां उपभोक्ताओं का विद्युत बिल 200 से 600 रुपये के बीच आता था, वहीं अब वही बिल 2500 से 3000 रुपये के बीच आ रहा है, जबकि उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत उपयोग पूर्ववत ही किया जा रहा है। इस असामान्य वृद्धि से किसानों, छोटे व्यापारियों, मजदूरों तथा मध्यमवर्गीय परिवारों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्गा गुप्ता ने कहा कि कई उपभोक्ता अपने बिलों में सुधार के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं, परंतु उनकी समस्याओं का समुचित समाधान नहीं हो पा रहा है। मजबूरन उन्हें अत्यधिक बिल का भुगतान करना पड़ रहा है। विभाग की इस लापरवाही से आम जनता के बीच शासन की छवि भी धूमिल हो रही है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र जांच कराने तथा आम जनता को विद्युत बिल संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने की मांग की है।
